श्री बंशीधर नगर : झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय ने कहा कि वर्तमान परिपेक्ष में झारखंड की राजनीति असमंजस की स्थिति में गुजर रही है। इसके लिये केंद्र में बैठी भाजपा की सरकार जिम्मेदार है। वह शुक्रवार को यहां जलक्रांति भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा की राज्य में सुचारू रूप से हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार जनहित में काम कर रही है। अपने चुनावी घोषणा पत्र में किये गये वायदे को क्रमशः पूरा करने का काम कर रही है। यह भाजपा को रास नहीं आ रही है। हेमंत सरकार के कार्य से घबराकर भाजपा जनता की सरकार को अस्थिर, अपदस्थ करने का काम कर रही है, जिसे झारखंड की जनता सब देख रही है। हम जेएमएम कार्यकर्ता सड़क से संसद तक मार्च करेंगे और भाजपा के इस कुकृत्य को घर-घर जाकर जनता को अवगत कराएंगे। श्री पांडेय ने कहा कि वर्तमान में दुमका में घटित घटना को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। जबकि सरकार तत्परता दिखाते हुये अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब इसे राष्ट्रीय मुद्दा बनाया जा रहा है, राष्ट्रीय चैनलों पर चलाया जा रहा है। वहीं पर भाजपा नेत्री सीमा पात्रा के द्वारा आदिवासी युवती के साथ जो अमानवीय व्यवहार किया गया वह राष्ट्रीय चैनल पर नहीं चलाया जा रहा है, जो खेद का विषय है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता इसकी कड़ी निंदा करते हैं। उस मौके पर जिपस रानी बाला, कामता प्रसाद, झामुमो नेत्री किरण देवी, नेहा कुमारी, अमरनाथ पांडेय, संजय पांडेय, धर्मेंद्र प्रताप देव, विनय ठाकुर, मनोज डॉन, अजय सिंह, ज्ञान चौधरी, परमवीर राम, इकबाल खान, देवेंद्र सिंह, अमर राम, प्रमोद राम सहित अन्य मौजूद थे।
Advertisement






Users Today : 15
Total Users : 352254
Views Today : 15
Total views : 506413