Advertisement
जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यकर्ताओं का दरबार कार्यक्रम
पटना/हिंदुस्तान की आवाज़
जदयू प्रदेश कार्यालय में ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार” कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ‘‘कार्यकत्ताओं के दरबार” कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मनरेगा के तहत इस वित्तीय वर्ष में 15 करोड़ मानव दिवस सृजित करने के लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। 12 करोड़ अतिरिक्त मानव दिवस का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है। केंद्र सरकार से आग्रह है कि इसे अविलम्ब स्वीकृति प्रदान की जाए ताकि बिहार के मजदूरों को काम मिल सके। साथ ही सामग्री मद में अभी राशि नहीं मिली है उसे भी दिया जाए।
कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस दिन एनडीए को लात मार दिया, उसी दिन के बाद से भाजपा एकाएक प्रदेश की विधि व्यवस्था को। चौपट बताने लगी है। इस तरह की छोटी और ओछी बात कर भाजपा जनता को सिर्फ गुमराह करने का काम कर रही है। जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरी निष्ठा और विश्वास के साथ प्रदेश में न्याय के साथ विकास और प्रगति का काम विगत 17 वर्षों से अनवरत चल रहा है। मंहगाई और बेरोजगारी की बढ़ती समस्या के साथ ही आज संविधान खतरे में है, जो पूरे देश के सामने सबसे बड़ा सवाल है। भाजपा से अलग तमाम दलों के लोग मिलकर 2024 में केंद्र की सत्ता से भाजपा को उतारकर महागठबंधन के किसी नेता को प्रधानमन्त्री की कुर्सी पर बैठाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज ने कहा कि विभाग को केंद्र से एक रुपया भी इस वर्ष अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। पिछले वित्तीय वर्ष में भी स्वीकृत 80 करोड़ रूपये में से मात्र 12 करोड़ रूपये प्राप्त हुए थे। उन्होंने कहा कि केंद्र से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है, जबकि बिहार के कई हिस्से में काफी कम वर्षा हुई है। हमलोगों का प्रयास है कि आवश्यकतानुसार योजनाओं का त्वरित चयन कर पूर्ण गुणवत्ता के साथ ससमय उन्हें पूरा किया जाए।
मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि राज्य में शराबबंदी का निर्णय दोनों सदनों द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया था। सरकार द्वारा शराबबंदी तोड़ने वालों पर सख्ती से नकेल कसी जा रही है। प्रदेश में शराब का कारोबार करने वाले बाहरी लोगों पर भी लगातार सख्ती से कार्रवाई हो रही है।
उक्त अवसर पर मुख्यालय प्रभारी उपाध्यक्ष डाॅ नवीन आर्य चन्द्रवंशी, महासचिव लोक प्रकाश सिंह व श्री अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
Advertisement







Users Today : 13
Total Users : 350263
Views Today : 14
Total views : 503895